प्रधानमंत्री 23 मई को रोजगार मेले में सरकारी नौकरी में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे

- Advertisement -

 

बिलासपुर रोजगार मेले में 250 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को वितरित किए जाएंगे नियुक्ति पत्र 

 

बिलासपुर@M4S:प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी कल 23 मई, 2026 को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। वे आयोजन को संबोधित भी करेंगे।

रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप रोजगार मेला इस दृष्टिकोण को साकार रूप देने की महत्वपूर्ण पहल है। रोजगार मेला आरंभ किए जाने के बाद से देश भर में अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

19वां रोजगार मेला देश भर में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग आदि सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर स्थित एनईआई सभागार में प्रातः 09.30 बजे से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा |

एनईआई सभागार बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री तोखन साहू, माननीय केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, भारत सरकार के मुख्य आतिथ्य में 250 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा, जिसमें रेलवे 230 अभ्यर्थियों सहित केंद्रीय सेवाओं के अन्य विभागों के नवनियुक्त अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा । इस अवसर पर सभी स्थानीय  विधायकगण, महापौर व जन प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहेंगे |

Related Articles