नई दिल्ली(एजेंसी):फिल्म धुरंधर 2 की अपार सफलता के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह (Ranveer Singh) का नाम अगली फिल्म प्रलय को लेकर चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में प्रलय की शूटिंग को लेकर लेटेस्ट अपडेट सामने आया है।
प्रलय के लिए एक्ट्रेस ने छोड़ा घर
सफर में लग रहा समय अगर अपने काम को दिया जाए तो काम को और बेहतर किया जा सकता है। शायद कुछ ऐसा ही सोचकर अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन (Kalyani priyadarshan) ने मुंबई को अपना नया ठिकाना बनाने का निर्णय लिया है। ज्यादातर चेन्नई और कोच्चि में रहने वाली दक्षिण भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री कल्याणी फिल्म प्रलय से अभिनेता रणवीर सिंह के साथ हिंदी सिनेमा में पदार्पण करने जा रही हैं।
इस जांबी थ्रिलर फिल्म के लिए कल्याणी को काफी ज्यादा शारीरिक तैयारी और एक्शन प्रशिक्षण की आवश्यकता पड़ेगी। ऐसे में उन्होंने शूटिंग के लिए सफर करके मुंबई आने की जगह मुंबई में ही रहने का निर्णय लिया है। करीबी सूत्रों के अनुसार कल्याणी ने निर्माताओं की सहायता से मुंबई के जुहू क्षेत्र में एक घर किराए पर लिया है।
जिससे वह मुंबई में रहकर पूरा ध्यान फिल्म पर दे सके। प्रलय की शूटिंग पूरी होने तक वह मुंबई में रहेंगी। रणवीर व कल्याणी ने फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग जुलाई में शुरू की थी। उसके करीब एक महीना पहले मई में ही दोनों ने फिल्म के लिए ट्रेनिंग शुरू कर दी थी।

पहला शेड्यूल पूरा होने के बाद रणवीर ने अवकाश लिया। वह हाल में दूसरी बेटी के पिता बने हैं। अक्टूबर में फिल्म के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग शुरू होनी है। ऐसे में प्रलय को लेकर फिलहाल फैंस की एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है।
प्रलय के बाद कल्याणी की अगली फिल्म
रणवीर सिंह की प्रलय के बाद अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन एक और बहुचर्चित फिल्म में नजर आएंगी, जिसका नाम लोकाह- चैप्टर 2 है। सुपरहीरो फिल्म जॉनर की लोकाह ने अपने पहले पार्ट से हर किसी की दिल जीता था।





















































