नई दिल्ली(एजेंसी):वैदिक पंचांग के अनुसार, बुधवार 23 जुलाई को सावन शिवरात्रि है। यह पर्व हर साल सावन महीने में मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती की भक्ति भाव से पूजा की जाती है। साथ ही मनचाही मुराद पाने के लिए सावन शिवरात्रि का व्रत रखा जाता है। इस व्रत के पुण्य-प्रताप से साधक को जीवन में सभी प्रकार के भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है।
सावन शिवरात्रि पर दान करने का भी विधान है। मत है कि सावन शिवरात्रि पर दान करने से कुंडली में शुभ ग्रहों की स्थिति मजबूत होती है। साथ ही अशुभ ग्रहों का बुरा प्रभाव समाप्त हो जाता है। इसके लिए साधक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा के बाद आर्थिक स्थिति के अनुसार दान करते हैं।
अगर आप भी देवों के देव महादेव की कृपा पाना चाहते हैं, तो सावन शिवरात्रि के दिन भक्ति भाव से महादेव की पूजा करें। साथ ही पूजा के बाद राशि अनुसार इन चीजों का दान करें।
राशि अनुसार दान
- मेष राशि के जातक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा के बाद जरूरतमंदों के मध्य गुड़, सेब, अनार और शहद का दान करें।
- वृषभ राशि के जातक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा करने के बाद पोहा, दही और चीनी आदि चीजों का दान करें।
- मिथुन राशि के जातक कारोबार में तरक्की पाने के लिए पूजा के बाद साबुत मूंग और हरे फल का दान करें।
- कर्क राशि के जातक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा करने के बाद चावल, आटा, चीनी आदि चीजों का दान करें।
- सिंह राशि के जातक करियर में सफलता पाने के लिए सावन शिवरात्रि के दिन लाल रंग के कपड़े का दान करें।
- कन्या राशि के जातक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा करने के बाद गन्ने का रस डाक बम और कांवड़ियों के मध्य वितरित करें।
- तुला राशि के जातक देवों के देव महादेव की कृपा पाने के लिए सावन शिवरात्रि के दिन चावल और आटा का दान करें।
- वृश्चिक राशि के जातक करियर में तरक्की और उन्नति के लिए सावन शिवरात्रि पर मोतीचूर के लड्डू का दान करें।
- धनु राशि के जातक आर्थिक तंगी से मुक्ति पाने के लिए सावन शिवरात्रि के दिन बेसन के लड्डू का दान करें।
- मकर राशि के जातक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा के बाद छाता और चमड़े के चप्पल और जूते का दान करें।
- कुंभ राशि के जातक अशुभ ग्रहों के प्रभाव से मुक्त होने के लिए सावन शिवरात्रि के दिन काले तिल और साबुत उड़द का दान करें।
- मीन राशि के जातक सावन शिवरात्रि के दिन पूजा करने के बाद चने की दाल, बेसन और पके केले का दान करें।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।





































