आदिवासी अंचल की बेटी ने एशियन गेम्स में भारत को दिलाया स्वर्ण पदक
कोरबा@M4S: जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला कबड्डी की टीम ने ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता है।भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में कोरबा की प्रतिभावान खिलाड़ी व कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य एवं कोरबा जिले के पाली-तानाखार विधान सभा क्षेत्र के ग्राम केराकछार की लाडली बेटी संजू देवी यादव को इस शानदार उपलब्धि के लिए विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

तानाखार विधायक व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने कहा है कि संजू ने अपने उत्कृष्ट खेल और दृढ़ संकल्प से कोरबा जिला ही नहीं, छत्तीसगढ़ राज्य के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। निश्चित ही उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
विधायक ने संजू देवी यादव सहित पूरी भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्णिम सफलता की हार्दिक बधाई देते हुए कहा है कि हम सभी को उन पर गर्व है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।





















































