कोरबा@M4S:गणेश चतुर्थी,गणेश उत्सव और विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के विभिन्न थाना, चौकी और अनुविभाग स्तर पर पुलिस अधिकारियों ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों सहित पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की तस्दीक कर उन्हें सख्त समझाइश दी।
पुलिस के अनुसार करीब 32 गुंडा बदमाश, 26 निगरानी बदमाश तथा मारपीट, लड़ाई-झगड़ा और शरीर संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे करीब 80 लोगों को समझाइश दी गई। उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट, उपद्रव या आपराधिक गतिविधि में शामिल होने पर तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों से अपने आचरण में सुधार रखने और कानून का पालन करने की अपील की। साथ ही थाना प्रभारियों को ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
भीड़ और यातायात पर भी रहेगी नजर
गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने गणेश उत्सव से पहले कसा शिकंजा,138 संदिग्धों को दी समझाइश गुंडा-निगरानी बदमाशों समेत पूर्व अपराधियों को चेतावनी, उपद्रव किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
- Advertisement -





















































