बैंकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क  सुरक्षा ऑडिट के दौरान पाई गई खामियों को दूर करने की हिदायत

- Advertisement -

कोरबा@M4S:बैंकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। सुरक्षा ऑडिट के दौरान पाई गई खामियों को दूर करने के लिए जिले में स्थित सभी सरकारी और निजी बैंकों को पुलिस ने विशेष हिदायत दी है। इसके तहत सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। बैंकों में आने वाले हर एक व्यक्ति की पहचान एकत्र करने के लिए बैंकों को निर्देशित किया गया है। इसे लंबी अवधि तक सुरक्षित रखने के लिए कहा गया है।
कोरबा जिले में निजी और सरकारी बैंकों की ढेरों शाखाएं हैं। इनमें रोजाना लगभग 200 करोड़ के आसपास लेन-देन होता है। बैकों में लेन-देन के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन हो इसके लिए पुलिस ने अपनी तरफ से कार्यवाही शुरू की है। बताया गया है कि पिछले दिनों बैंकों की सुरक्षा को लेकर थाना और चौकी स्तर पर बैठकों का आयोजन किया गया था। इसमें विभिन्न बैंकों के जिम्मेदार अधिकारियों को बुलाया गया था। बैंकों की शाखाओं में सुरक्षा जांच के दौरान पाई गई गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए कहा गया था। बैंक प्रबंधन से कहा गया है कि सुरक्षा ऑडिट के दौरान जो गड़बड़ियां पाई गई है उसे प्रमुखता से ठीक किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि बैंक में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान व उसके बारे में जानकारी शाखा में उपलब्ध हो सके। बैंकों की शाखाओं के बाहर और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से सक्रिय होनी चाहिए। इनमें रिकार्ड किए गए फुटेज की सुरक्षा निर्धारित समय तक हो इसे भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पुलिस ने बैंकों की शाखाओं में प्रवेश करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए बैंकों के प्रबंधन से कहा है कि वे सुनिश्चित करें कि कोई व्यक्ति हेलमेट लगाकर, चेहरा बांधकर या स्कार्फ ढंककर शाखा के भीतर दाखिल नहीं हो सके। अगर किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई जाती है या उसकी हरकत सामान्य तौर पर अलग हो तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित शाखा को दी जाए ताकि समय रहते संदिग्ध व्यक्तियों से उनके आने का कारण आदि के संबंध में जानकारी ली जा सके। पुलिस ने बैंकों में अलार्म नियमित क्रियाशील रहे इसका भी ध्यान रखने के लिए कहा है। शाखा प्रबंधकों से कहा गया है कि वे अपने नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या आपातकालीन संपर्क नंबर रखें ताकि जरूरत पड़ने पर कम समय में मदद मिल सके।

सुरक्षा गार्ड का कराएं चरित्र सत्यापन
पुलिस ने बैंकों के साथ-साथ शाखाओं में काम करने वाले कर्मचारियों पर भी नजर रखने के लिए प्रबंधन को कहा है। पुलिस की ओर से जारी निर्देश में शाखा प्रबंधकों से कहा गया है कि वे अपने यहां काम करने वाले सुरक्षा गार्ड का समय-समय पर चरित्र सत्यापन कराएं। ड्यूटी पर मौजूदगी के दौरान उनके द्वारा जिस हथियार का इस्तेमाल किया जा रहा है वह चालू है कि नहीं इसे भी परखें। तय समय पर बैंकों को खोला जाए और बंद किया जाए। इस नियम का सभी शाखा प्रबंधक गंभीरता के साथ पालन करे यह भी सुनिश्चित करने कहा गया है। बैंकों की शाखाओं में लगे सायरन अलार्म सिस्टम क्रियाशील अवस्था में है या नहीं यह भी चेक किया जाए।

जांच में मिली थी कई गड़बड़ियां
पुलिस की ओर से समय-समय पर बैंकों की सुरक्षा की जांच की जा रही है। कुछ समय पहले हुई सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस को कई गड़बड़ियां मिली थीं। जिसमें बैंकों में लगा सीसीटीवी प्रमुख था। कई बैंकों की फुटेज की क्वालिटी इतनी खराब थी कि फुटेज देखकर पहचान भी मुश्किल हो रहा था। कई बैंकों में गार्ड नहीं थे।

Related Articles