मोगादिशू(एजेंसी):सोमालिया के पुंटलैंड के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा बचाए जाने से पहले सोमाली समुद्री लुटेरों ने अपहृत एमटी ऑनर 25 पेट्रोलियम उत्पाद टैंकर के पांच क्रू सदस्यों की हत्या कर दी।
पुंटलैंड के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को एक दूसरे जहाज को भी बचाया, जिसका अपहरण मई में किया गया था। 17 क्रू मेंबर वाले इस जहाज को अप्रैल में समुद्री लुटेरों ने कब्जे में ले लिया था। यह सोमालिया में समुद्री लूट की घटनाओं के फिर से बढ़ने का समय था।
मरने वालों में एक भारतीय भी शामिल
बयान में कहा गया, “ऑपरेशन शुरू होने से पहले जहाज पर मौजूद समुद्री लुटेरों ने क्रू के पांच सदस्यों की हत्या कर दी। मारे गए लोगों में तीन पाकिस्तान से, एक म्यांमार से और एक भारत से था।” बयान के मुताबिक, क्रू के चार सदस्य तीन पाकिस्तानी और एक भारतीय घायल हो गए।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन पिछले हफ्ते हुए एक और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हुआ है, जिसमें पुंटलैंड की मैरीटाइम पुलिस फोर्स ने अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित टैंकर सिबु 1 को छुड़ाया था। इस टैंकर को सोमालियाई समुद्री लुटेरों ने अगस्त में हाईजैक कर लिया था।
इन दो रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अगस्त के आखिर तक सोमालियाई तट पर समुद्री लुटेरों के कब्जे में रहे छह जहाजों में से कुल पांच जहाज अब छुड़ा लिए गए हैं। 2008 से 2014 के बीच समुद्री लूट की पिछली लहर ने दुनिया के सबसे व्यस्त शिपिंग रूट में से एक को बाधित कर दिया था, जिससे ग्लोबल इकॉनमी को अरबों डॉलर का नुकसान हुआ और फिरौती के तौर पर करोड़ों डॉलर का भुगतान करना पड़ा।





















































