नए साल पर पुलिस की निगरानी में होंगे पिकनिक स्पॉट   पर्यटन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की बढ़ाई गई गश्त और चौकसी

- Advertisement -

कोरबा@M4S:पुलिस ने नए साल के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जनसामान्य को सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से सभी प्रमुख पिकनिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई है।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिक सुरक्षित, व्यवस्थित और कानून के दायरे में रहकर नव वर्ष का उत्सव मनाएं। टीमें जिले के हर लोकप्रिय पिकनिक स्थल और अन्य मनोरंजन क्षेत्रों पर लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं। शराब पीकर वाहन चलाने, अत्यधिक तेज आवाज में संगीत बजाने, सार्वजनिक स्थान पर अश्लील आचरण या किसी भी प्रकार की कानून-विरोधी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अभियान के तहत पुलिस दल यातायात नियमों के पालन, नशे में गाड़ी चलाने की रोकथाम, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। चलती हुई गाडिय़ों की औचक जांच भी की जा रही है।
जिले के प्रमुख पिकनिक स्पॉट जैसे सतरेंगा, झोराघाट, परसखोला, बुका, बांगोडेम, रजगामार, केंदई और कॉफी प्वाइंट सहित सभी छोटे-बड़े स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त करेगा। वहीं शहर के मुख्य चौराहे निहारिका घंटाघर, सुभाष चौक, कोसाबाड़ी चौक, बुधवारी जैन चौक, सीएसईबी चौक, टीपी नगर चौक, सुनालिया चौक, सीतामढ़ी चौक और गौ माता चौक पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। संबंधित थाना-चौकी की पेट्रोलिंग टीमें भी लगातार गश्त करेंगी। पुलिस ने बताया कि नव वर्ष की तैयारियों के मद्देनजर संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ नव वर्ष का आनंद लें और कानून का सम्मान करें। किसी भी आपात स्थिति या हुड़दंग की सूचना के लिए नागरिक पुलिस नियंत्रण कक्ष या 112 पर संपर्क कर सकते हैं, जिस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles