नई दिल्ली(एजेंसी):केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में मंगलवार शाम एक छात्र को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसे पुणे की स्कूल हेडमिस्ट्रेस मनीषा हवालदार से फिजिक्स के सवाल मिले थे। इस मामले में अब तक कुल 1 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सीबीआई के अनुसार, अन्य आरोपियों ने छात्र का मोबाइल नंबर अपने फोन में ‘गॉड’ नाम से सेव कर रखा था। गिरफ्तारी के बाद छात्र को सीबीआई कोर्ट के जज आर आर मेंडे के सामने पेश किया गया। अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया, जिससे सीबीआई उसे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जा सके।
जांच एजेंसी का कहना है कि मनीषा हवालदार ने छात्र को नीट के सवाल मौखिक रूप से बताए थे। इसके बाद छात्र ने उन्हें लिखकर उनकी फोटो ली और तस्वीरें हवालदार के पति को भेज दीं। बाद में हस्तलिखित दस्तावेज नष्ट कर दिया गया। सीबीआई के मुताबिक, हवालदार ने इसके बदले छात्र से पैसे भी लिए थे।
जांच में मिले कई अहम सबूत
सीबीआई ने अब तक जांच के दौरान 23 पन्नों में लिखे फिजिक्स के सवाल, नीट के मूल प्रश्नपत्र, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के आधिकारिक प्रमाणपत्र और नकदी बरामद की है। जांच एजेंसी के अनुसार, मनीषा हवालदार ने पूछताछ में माना कि अप्रैल में उन्होंने याददाश्त के आधार पर फिजिक्स के सवाल दोबारा तैयार किए थे और उन्हें एक छात्र के साथ साझा किया था।
उन्होंने दावा किया कि यह काम उन्होंने एनटीए के एक केमिस्ट्री विशेषज्ञ के कहने पर किया था। बाद में सह-आरोपी मनीषा मंधारे के कहने पर वही सवाल मैसेजिंग ऐप के जरिए उनके और उनके पति के मोबाइल फोन से आगे भेजे गए। सीबीआई ने अदालत को बताया कि हवालदार द्वारा बताए गए सवाल नीट परीक्षा के असली प्रश्नों से काफी मेल खाते थे।
पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
इससे पहले सीबीआई ने पी वी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था, जो नीट-यूजी प्रश्नपत्र तैयार करने वाली एनटीए की टीम से जुड़े थे। इसके अलावा ब्यूटी पार्लर चलाने वाली मनीषा वाघमारे और कंसल्टेंसी फर्म चलाने वाले धनंजय को भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीआई ने मनोज शिरुरे को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने तीन छात्रों तक केमिस्ट्री के सवाल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इन छात्रों में शिवराज मोटेगांवकर के बेटे का नाम भी शामिल है।
शिवराज मोटेगांवकर, जो लातूर में रेणुकाई करियर सेंटर चलाते थे, को पहले ही इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई के मुताबिक, केमिस्ट्री के सवाल नीट पेपर तैयार करने वाली टीम से जुड़े पी वी कुलकर्णी से हासिल किए गए थे।
पुणे के फिजिक्स शिक्षक भी गिरफ्तार
सीबीआई ने पुणे स्थित डॉ अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी के फिजिक्स शिक्षक तेजस हर्षदकुमार शाह को भी गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का कहना है कि तेजस शाह को नीट-यूजी 2026 के फिजिक्स के लीक सवाल पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवालदार से मिले थे।
इन दोनों गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। सीबीआई ने कहा कि पूरे नेटवर्क और साजिश का पता लगाने के लिए जांच लगातार जारी है।
49 जगहों पर छापेमारी
सीबीआई के मुताबिक, अब तक 49 स्थानों पर छापेमारी की जा चुकी है। जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा पर पेपर लीक के आरोप लगे थे।
इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 12 मई को परीक्षा रद कर दी थी। अब मेडिकल प्रवेश के लिए नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा 21 जून को कराई जाएगी।






