कोरबा@M4S:भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व वाली केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल के 11 साल पूरे कर लिए हैं। इसे भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक उपलब्धि मान रही है। पार्टी ने 11 साल के पीएम मोदी के कार्यकाल को बेमिसाल बताया। इस अवधि में हुए कार्यों को बताया।
11 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों को कोरबा में जानकारी देने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल पहुंचे। कोरबा के तिलक भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नारायण चंदेल मोदी के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार 11 वर्षों में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच आई है। इसे लेकर संकल्प से सिद्धि तक का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के 57 वर्षों तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही है। कांग्रेस ने 57 साल में क्या काम किया यह सबने देखा है और भाजपा ने 11 वर्षों में क्या किया है यह जनता के सामने है। उन्होंने दावा किया कि इन 11 वर्षों में भाजपा की सरकार ने कांग्रेस के 57 वर्षों के शासन की तुलना में बड़े-बड़े कार्य किए हैं। सडक़ों का जो जाल आज दिखाई दे रहा है वह मोदी सरकार की बड़ी कामयाबी है। चंदेल ने कहा कि सडक़ के क्षेत्र में सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है। सडक़ों का विकास भारत के विकास के लिए क्रांतिकारी कदम है। सडक़ें हमारे विकास की द्योतक है। यह कार्य पीएम मोदी के नेतृत्व में नितीन गडकरी ने किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले 20 से 25 वर्षों में भारत की तस्वीर कैसी होगी इस पर केंद्र सरकार काम कर रही है। मिशन 2047 को लेकर सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया और कहा कि केंद्र की सरकार ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को आतंकवाद के मसले पर कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने राम मंदिर के निर्माण को भी भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताई। तीन तलाक, डिजिटलाइजेशन जैसे मुद्दों को भाजपा की कामयाबी बताया। कहा कि सरकार पीएम आवास को लेकर प्राथमिकता से आगे बढ़ रही है ताकि हर गरीब का सपना पूरा हो सके। चर्चा के दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पार्टी के नेता ज्योतिनंद दुबे, हितानंद अग्रवाल, जोगेश लांबा के अलावा कई पदाधिकारी और समर्थक तिलक भवन में मौजूद थे।
नक्सलवाद खात्मे होने की ओर
केंद्र सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में क्या-क्या हुआ। इसका जवाब देते हुए नारायण चंदेल ने कहा कि 11 वर्षों में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म होने की ओर है। प्रदेश सरकार के कार्यों से संबंधित एक सवाल के जवाब में चंदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार अच्छा काम कर रही है। यह पूछे जाने पर कि कार्य अच्छा होने के बावजूद ननकीराम कंवर जैसे वरिष्ठ नेता सरकार पर लगातार हमलावर हैं, तो उन्होंने कहा कि इसके लिए ननकीराम से बात कर समझाया जाएगा।





































