तेज बारिश में बह गया माइनिंग स्टाफ का रेस्ट शेल्टर  गेवरा खदान में गणेश सावेल के पास हुआ हादसा, घटना के वक्त अंदर नहीं था कोई कर्मचारी

- Advertisement -

कोरबा@M4S:एसईसीएल के गेवरा खदान क्षेत्र में सोमवार को करीब एक घंटे हुई तेज बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव में माइनिंग स्टाफ के लिए बनाया गया रेस्ट शेल्टर बह गया। तेज बारिश के बाद पानी का बहाव इतना बढ़ गया कि गणेश सावेल के पास स्थित शेल्टर देखते ही देखते अपने स्थान से खिसककर नीचे जा गिरा।
बताया गया कि खदान में कार्यरत शिफ्टिंग इंचार्ज, माइनिंग सरदार और ओवरमैन बारिश और तेज धूप से बचने के लिए इस रेस्ट शेल्टर का उपयोग करते थे। घटना के दौरान शेल्टर के भीतर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान खदान क्षेत्र में पानी का बहाव बढ़ गया। इसी दौरान गणेश सावेल के पास स्थित रेस्ट शेल्टर पानी की चपेट में आ गया और तेज बहाव के साथ नीचे जा गिरा। घटना के बाद खदान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। कर्मचारियों का कहना है कि यदि बारिश के दौरान शेल्टर में माइनिंग स्टाफ मौजूद होता तो तेज बहाव की चपेट में आने से गंभीर हादसा हो सकता था। घटना ने खदान क्षेत्र में कर्मचारियों के लिए बनाए गए अस्थायी विश्राम स्थलों की सुरक्षा और मजबूती को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles