महापौर राजकिशोर सहित अन्य को दी गई सहायक पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी
कोरबा@M4S: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को झारखंड के चतरा लोकसभा क्षेत्र का पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) बनाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से इस संबंध में एक पत्र भी जारी किया गया है। श्री अग्रवाल ने बताया कि उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि चतरा लोकसभा क्षेत्र के पांचों विधानसभा क्षेत्र में कांगे्रस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित हो सके। चतरा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत पांच विधानसभा क्षेत्र आते है।

इन पांचों विधानसभा क्षेत्र के लिए एआईसीसी ने विधानसभा वार कोडोनेटर नियुक्त किया है। जिसमें सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए महापौर राजकिशोर प्रसाद, चतरा विधानसभा क्षेत्र के लिए पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष तनवीर अहमद, मानीका विधानसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस नेता विजय यादव, लातेहर विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रदेश कांग्रेस सचिव बी एन सिंह तथा पंकी विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास सिंह को सहायक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने साथ ये पांचो सहयोगी पर्यवेक्षक 14 अक्टूबर को चतरा पहुंचकर सभी पांचों विधानसभा सीटों के लिए क्षेत्र का दौरा कर मैदानी कार्यकर्ताओं तथा कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।





































