वाशिंगटन(एजेंसी):दुनिया टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले समय में अगर आसमान में फ्लाइंग कार नजर आए, तो हैरानी की बात नहीं होगी। लेकिन टेस्ला ने अभी के समय में फ्लाइंग कार का नमूना दुनिया के सामने पेश किया है।
एलन मस्क की फ्लाइंग कार
टेक्सस के मैकग्रेगर में 15 अक्टूबर को एक इवेंट हुआ। इस इवेंट में टेस्ला ने अपने नए डिजाइन वाले रोडस्टर का प्रदर्शन किया। इस दौरान कार एक खास रैंप पर उल्टी चली, गाड़ी हवा में घूमते हुए कुछ देर तक करतब दिखाती रही और फिर सुरक्षित रूप से नीचे उतरी।
यह स्टंट उस तकनीक को दिखाता है जिसे एलन मस्क की रॉकेट कंपनी, स्पेसएक्स के साथ मिलकर विकसित किया गया है। एलन मस्क ने रोडस्टर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शेयर किया।
मस्क ने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘लगता है कि भविष्य में सच में उड़ने वाली कारें होंगी।’ इस नए डिजाइन वाले रोडस्टर में स्पेसएक्स के बनाए ‘कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स’ लगे हैं, जो थ्रस्ट (धक्का) पैदा करने के लिए दबाव वाली गैस का इस्तेमाल करते हैं।
2017 में दिखी थी फ्लाइंग कार
टेस्ला ने अपनी अगली पीढ़ी के रोडस्टर की घोषणा पहली बार नवंबर 2017 में की थी, और उम्मीद थी कि इसका प्रोडक्शन काफी पहले शुरू हो जाएगा, लेकिन इस प्रोजेक्ट में बार-बार देरी हुई, जिसके कारण ग्राहकों को इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार के लिए सालों तक इंतजार करना पड़ा।
स्पेसएक्स के इवेंट में दिखाई गई ये फ्लाइंग कार पूरी तरह से नियंत्रित स्थितियों में नजर आई। हालांकि अभी ऐसा कोई संकेत नहीं है कि रोडस्टर को सार्वजनिक तौर पर हवा में चलने की अनुमति मिल गई है।





















































