नई दिल्ली(एजेंसी):भारत में हर रोज हजारों की संख्या में कारों की चोरी हो जाती है। चोरी जैसी घटनाओं को कम करने के लिए निर्माताओं की ओर से कई तरह के फीचर्स दिए जाते हैं, जिनमें से एक फीचर Central Lock होता है। अगर यह फीचर किसी कारण से खराब हो जाए और गाड़ी के अंदर फंस जाएं तो किस तरह से बाहर निकला जा सकता है। हम आपको इस खबर में बता रहे हैं।
सुरक्षा के लिए जरूरी है Central Lock सिस्टम
भारत में कारों को चोरी होने से बचाने के लिए निर्माताओं की ओर से सेंट्रल लॉक सिस्टम को दिया जाता है। यह सिस्टम कार के सभी दरवाजों को एक साथ लॉक कर देता है और बटन दबाते ही कार अनलॉक भी हो जाती है। जिससे कई बार चोरी की घटना से कार को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
कैसे करता है काम
किसी भी कार में सेफ्टी के लिए लगाए गए Car Central Locking System बैटरी के साथ काम करता है। कार में लगी बैटरी से इसे पावर मिलती है और हादसा होने के बाद बैटरी काम करना बंद कर दे तो फिर कुछ खास स्थितियों में सेंट्रल लॉक भी काम करना बंद कर देता है। जिस कारण लोग गाड़ी के अंदर बंद हो जाते हैं और कोशिश करने के बाद भी बाहर निकलने में परेशानी होती है।
खुद को रखें शांत
आमतौर पर अगर किसी व्यक्ति के साथ हादसे जैसी स्थिति आती है, तो खुद को शांत रखना काफी मुश्किल होता है। लेकिन अगर ऐसी स्थिति में भी खुद को शांत रखने की कोशिश की जाए तो फिर आसानी से खराब से खराब स्थिति से भी बाहर निकला जा सकता है। अगर आपकी कार में भी सेंट्रल लॉक सिस्टम काम न करे तो सबसे पहले खुद को शांत रखने की कोशिश करें।
हेडरेस्ट से करें कोशिश
कारों में हेडरेस्ट को दिया जाता है। जिसके नीचे की ओर नुकीला हिस्सा होता है। सेंट्रल लॉक खराब होने के बाद हेडरेस्ट को निकालें और उससे गाड़ी के शीशे को तोड़ने की कोशिश करें। नुकीले हिस्से से लगातार शीशे पर चोट करने से शीशा कमजोर हो जाता है और आसानी से टूट जाता है।







