FIFA World Cup 2026: 2 गोल दागकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने तोड़ा मेसी का रिकॉर्ड, पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदा

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):मंगलवार रात पूरी दुनिया की नजरें क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर बनी हुई थी, जब वह उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने मैदान पर उतरे। पहले मैच की नाकामी, लगातार दस बड़े मैचों में पुर्तगाल के लिए कोई गोल नहीं जैसी बातों को रोनाल्डो ने जश्न में उड़ा दिया। मैच के पहले ही हाफ में वह हैट्रिक मार सकते थे लेकिन हाफ टाइम से ठीक पहले उज्बेकिस्तान के डिफेंस ने उनके शॉट पर गेंद को गोल में जाने से ठीक पहले रोक लिया।

रोनाल्डो इस मैच के पहले हाफ में अलग ही ऊर्जा के साथ दिखे। मैच की शुरुआत से ही उन्होंने ना सिर्फ उज्बेक गोल पर हमला किया बल्कि लंबे अंतराल के बाद वह मैदान के अंतर जोर लगाकर भागते दिखे।

रोनाल्डो ने रचा इतिहास

रोनाल्डो मैच की शुरुआत में ही जाओ कंसेलो के एक क्रास तक नहीं पहुंच पाए और इस तरह चूकने के बाद उन्होंने वैसी ही झुंझलाहट दिखाई जो कभी उनकी पहचान थी और इस झुंझलाहट के कुछ ही देर बाद, मैच के छठे मिनट में इन्होंने टूर्नामेंट का पहला गोल दाग ही दिया।

इस बार रोनाल्डो ने कंसेलो के क्रास को बेहतरीन अंदाज में पहले प्रयास में जमाए शाट (वाली) के जरिए गोल में भेजा। इसके साथ ही वह छह अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर भी बन गए।

मैच के 17वें मिनट में पुर्तगाल की बढ़त दो गोल की हो गई जब डिफेंडर नुनो मेंज ने बॉक्स के ठीक बाहर मिली फ्री किक को गोल में भेजा। इस फ्री किक के लिए मेंज के साथ रोनाल्डो भी खड़े थे उज्बेक टीम को लगा कि रोनाल्डो शॉट लेंगे लेकिन उन्होंने सबको चौंकाते हुए मेंज को मौका दिया और मेंज नहीं चूके।

अमान्य करार दिया गोल

मैच के 30वें मिनट में उज्बेकिस्तान ने एक गोल वापस खींचा लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वीएआर) की जांच में पाया गया कि इस गोल के बिल्ड अप के दौरान उज्बेक टीम ने पुर्तगाल के खिलाड़ी पर फाउल किया था और इसके चलते ये गोल अमान्य करार दिया गया।

फिर आया मैच का 39वां मिनट

पिछले मैच के बाद रोनाल्डो को पास ना देने के आरोप में प्रशंसकों की घोर आलोचना के केंद्र में रहे मिडफील्डर ब्रूनो फर्नांडेज ने एक बहुत खूबसूरत सा पास भागते हुए रोनाल्डो के रास्ते में डाला और रोनाल्डो ने इसे पुराने दौर की तरह बड़े आराम से गोल में पहुंचा दिया।

रोनाल्डो ने पहले हाफ के अतिरिक्त समय में एक और गोल लगभग कर ही दिया था, लेकिन उज्बेकिस्तान के डिफेंडरों ने गेंद को गोललाइन के पास से वापस खींच लिया और रोनाल्डो पहले हाफ में हैट्रिक मारते-मारते रह गए। पहले हाफ की समाप्ति पर पुर्तगाल 3-0 से आगे थी।

दूसरे हाफ में पुर्तगाल की टीम अपनी 3-0 की बढ़त को और मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरी। दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान के अब्दुखोदिर खुसानोव ने गलती से खुद के ही पोस्ट में गोल दाग दिया, जिससे पुर्तगाल 4-0 की बढ़त बनाने में कामयाब रहा। रोनाल्डो दो बार हैट्रिक पूरी करने से चूके।

पांचवां गोल पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ 87वें मिनट में किया। इस तरह  रोनाल्डो के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से मात दी। पुर्तगाल ने पिछले मैच में ड्रॉ खेला था, लेकिन टीम इस मैच में बड़ी जीत दर्ज करने में सफल रही।

मेसी का तोड़ा रिकॉर्ड

क्रिस्टियानो रोनाल्डो 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप (2006, 2010, 2014, 2018, 2022, 2026) में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

बता दें कि लियोनेल मेसी भी 6 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं (ऐसा करने वाले वे दूसरे पुरुष खिलाड़ी हैं), लेकिन डिएगो माराडोना की कोचिंग वाली अर्जेंटीना टीम के लिए 2010 के वर्ल्ड कप में वे कोई गोल नहीं कर पाए थे।

साथ ही रोनाल्डो वर्ल्ड कप में एक से ज्यादा गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी (41 साल, 138 दिन) भी बन गए। इससे इस टूर्नामेंट में लियोनेल मेसी का बनाया रिकॉर्ड टूट गया।

वहीं, कैमरून के रोजर मिला (1994 में 42 साल, 39 दिन) के बाद रोनाल्डो वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।

Related Articles