वॉशिंगटन(एजेंसी):अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने धोखाधड़ी के मामले में सजा से पहले देश छोड़कर भागने वाले टेक कंपनी के सीईओ बर्नहार्ड यूजिन फ्रिट्स को अपनी मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स सूची में शामिल कर लिया है। साथ ही भगोड़े सीईओ की जानकारी देने वाले को करीब 1.25 करोड़ रुपये तक का इनाम देने की घोषणा की गई है।
निवेशकों से झूठ बोलता था फ्रिट्स
अभियोजकों के अनुसार, फ्रिट्स ने निवेशकों से झूठ बोला था कि डिज्नी जैसी बड़ी मीडिया कंपनियां उनकी कंपनी में निवेश करने वाली हैं और 2015 में कंपनी को 15 मिलियन डॉलर का मुनाफा हुआ था। उसके इन झूठे दावों के झांसे में आकर एक अकेले निवेशक ने दो साल में 20 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश कर दिया और दूसरे लोगों को भी इससे जोड़ लिया। कुल मिलाकर निवेशकों को 2.68 मिलियन डॉलर से ज्यादा का चूना लगा।
ऐशो-आराम पर उड़ाए पैसे और फिर हुआ फरार
इतना ही नहीं जांच में सामने आया कि निवेशकों के पैसों का इस्तेमाल कंपनी के विकास के लिए करने की बजाय फ्रिट्स ने अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी पर पानी की तरह बहाया। उसने उन पैसों से मैकलारेन और रोल्स-रॉयस जैसी लग्जरी कारें खरीदीं, अपनी यॉट और मालिबू स्थित आलीशान बंगले का रेनोवेशन कराया। हालांकि, बाद में एफबीआई ने उसकी यॉट और कारें जब्त कर ली थीं।
सजा से पहले मैक्सिको भाग गया था फ्रिट्ज
अप्रैल 2025 में लॉस एंजिल्स की एक जूरी ने फ्रिट्स को दोषी करार दिया। सजा सुनाए जाने से पहले ही वह जून 2025 में अमेरिका से भागकर मैक्सिको पहुंच गया। सितंबर 2025 में मैक्सिको अधिकारियों ने उसे फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा भी था, लेकिन बाद में वह मैक्सिको से चकमा देकर 6 अक्टूबर 2025 को जर्मनी के म्यूनिख भाग गया।
15 साल की सजा और महिला साथी भी गिरफ्तार
गौरतलब है कि 20 अक्टूबर 2025 को अदालत ने उसे गैर-मौजूदगी में 15 साल की संघीय जेल की सजा सुनाई और 2.68 करोड़ डॉलर से अधिक का मुआवजा चुकाने का आदेश दिया। इसके अलावा, जून 2026 में फ्रिट्स की 63 वर्षीय प्रेमिका लुसिंडा जेन वीस्ट मानेरा ने भी अदालत में यह मान लिया कि उसने मैक्सिको में छुपने और जर्मनी भागने में फ्रिट्स की मदद की थी।
बताते चले कि एफबीआई ने इस साल जून में ही ‘मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स’ लिस्ट शुरू की है, जिसमें अब तक 15 भगोड़े जोड़े जा चुके हैं। इनमें से 4 पकड़े जा चुके हैं, जबकि 12 की तलाश अभी भी जारी है।





















































