- Advertisement -
कोरबा@M4S:हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। पोड़ी उपरोड़ा सब डिवीजन के अंतर्गत सलिहाभाठा मानिकपुर क्षेत्र में हाथी ने उत्पात मचाया है। उत्पात से कुछ किसानों की फसल को नुकसान हुआ। खरीफ सीजन में लगाई गई फसल और इसके लिए की गई मेहनत के चक्कर में लोग परेशान हैं। उन्होंने फारेस्ट और प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया है। हाथियों ने न केवल खेतों में खड़ी फसल को तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा चार मवेशियों को भी जमकर क्षति पहुंचाई। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि खरीफ सीजन की मुख्य फसल धान का उत्पादन करने के लिए उन्होंने इस बार अच्छी तैयारी की। ज्यादा पैदावार के लिए रणनीति बनाई और सरकार की योजना से ऋण प्राप्त किया। बेहतर बारिश होने से उनके खेतों में अनुकूलता की स्थिति निर्मित हुई। लेकिन इसी बीच हाथी उत्पात की घटना ने बड़ी चपत लगा दी। कृषकों का कहना है कि खेतों में हाथियों की उपस्थिति और उनके आक्रमण से बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है। हाथियों के आने और फसल चौपट करने की जानकारी फारेस्ट के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन को है। ऐसे प्रकरणों में सरकार से क्षतिपूर्ति प्राप्त होने के प्रावधान बनाए गए हैं। किसान चाहते हैं कि समय पर मौके का निरीक्षण और सर्वे की प्रक्रिया संपन्न हो जाए ताकि उनकी चिंता दूर हो।





































