कोरबा@M4S: कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज अंतर्गत आने वाले ग्राम बनिया में गुरुवार को शाम 7:30 बजे एक युवक तीजराम निवासी ग्राम मुरली पर हाथी ने हमला कर दिया। उसे कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। खबर मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर रवाना हुए। चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर वैधानिक कार्रवाई प्रारम्भ की। ग्राम के संतोष महंत ने बताया कि हाथी काफी देर तक घटनास्थल के आसपास मंडराता रहा जिससे ग्राम में दहशत बनी रही।
अलग अलग क्षेत्र में बनी है मौजूदगी
पसरखेत रेंज के छिंदकोना गांव में लगातार उत्पात मचाकर ग्रामीणों की मेहनतों पर पानी फेरने वाले 8 हाथियों का दल बीती रात कुदमुरा रेंज के चचिया सर्किल पहुंच गया है, जबकि केराकछार क्षेत्र में मौजूद 5 हाथियों ने पसरखेत रेंज के मदनपुर सर्किल में आमद दे दी है। हाथियों के इस दल ने यहां पहुंचते ही उत्पात मचाया और दो ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर वहां पककर तैयार धान की रबी फसल को रौंदकर तहस-नहस कर दिया जिससे संबंधितों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। 13 हाथियों का दल क्षेत्र में काफी दिनों से विचरण कर रहा है। इससे पहले यह दल बालको व लेमरू रेंज में सक्रिय था। लगभग एक माह तक क्षेत्र में लगातार विचरण करने के बाद सप्ताह भर पहले क्षेत्र में पहुंचा है तब से लगातार उत्पात मचा रहा है और फसलों को रौंदकर ग्रामीणों की मेहनत पर पानी फेर दे रहा है। हाथियों का दल कभी कोरबा तो कभी कुदमुरा व पसरखेत रेंज के गांवों में पहुंच जाता है। हाथियों के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने से ग्रामीणों में भय वातावरण बना हुआ है।





































