गाजियाबाद(एजेंसी):इलेक्ट्रिक वाहनों के स्वामियों के लिए खुशखबरी है। शासन के निर्देशानुसार परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहनों के स्वामियों से रिफंड के लिए आवेदन मांगे हैं।
इससे बीते तीन साल में जिन करीब 4509 विभिन्न श्रेणी के इलेक्ट्रिक वाहनों को पंजीयन हुआ है और उन्होंने टैक्स जमा कर रखा है तो वह रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 14 अक्टूबर 2022 से लेकर 13 अक्टूबर 2025 तक, विभिन्न श्रेणी के जिन इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीयन गाजियाबाद परिवहन कार्यालय में हुआ है व होगा। उनके वाहन स्वामी जरूरी दस्तावेजों के साथ गाजियाबाद परिवहन कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
शासन के निर्देशानुसार आवेदकों के दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद रिफंड की कार्रवाई पूरी की जाएगी। दरअसल, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर मिलने वाली छूट का लाभ वाहन स्वामियों को नहीं मिल रहा है। इस पर स्थानीय अधिकारियों ने मामला शासन के उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया, जिसके बाद यह प्रक्रिया शुरू की गई है।





































