- Advertisement -
कोरबा@M4S:सुदूर वनांचल ग्राम जलके में उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब ग्राम वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष चुनाव के दौरान विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में भर्राशाही को लेकर अफसर व ग्रामीणों के बीच बहस छिड़ गई। इस दौरान डिप्टी रेंजर ने दो मिनट के भीतर उठवा लेने की धमकी दे दी। जिससे ग्रामीणों को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अफसर के सामने ही जमकर विरोध जताते हुए बयान पर ऐतराज जताया। ग्रामीणों को अफसर द्वारा दी गई धमकी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र के ग्राम जलके में ग्राम वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कार्यक्रम आयोजित था। जिसके लिए वन प्रबंधन समिति के सदस्य सहित ग्रामीण एकत्रित हुए थे। चुनाव को संपन्न कराने वन विभाग के अफसर व कर्मचारी भी पहुंचे थे। ग्रामीणों ने चुनाव प्रक्रिया के साथ साथ क्षेत्र में विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य पर सवाल उठाना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि फेसिंग कार्य में भारी भर्राशाही बरती जा रही है। जंगल के भीतर लगे खंभे धक्का लगते ही गिर रहे हैं। विभाग द्वारा धरातल पर 50 फीसदी काम भी कायदे से नही कराए जा रहे। ग्रामीणों ने चुनावी प्रक्रिया में भी धांधली का आरोप लगाते हुए अफसरों को घेरना शुरू कर दिया। जिससे मौके पर मौजूद डिप्टी रेंजर अयोध्या सोनी आपा खो बैठे। उनके बोल बिगड़ गए। उन्होंने एक मिनट के भीतर उठवा लेने की धमकी दे डाली। सरकारी पद पर काबिज अफसर के मुंह से धमकी सुन ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने अफसर की धमकी पर विरोध जताना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि अधिकारी जनता के सेवक हैं। आम जनता को उठवा लेने की धमकी देने का पावर किसी अफसर के पास नही है। अधिकारियों को वर्दी और वेतना जनता के द्वारा अदा किए गए टैक्स से मिलता है। सरकार ने जंगल की सुरक्षा के लिए वर्दी दी है न कि आम नागरिकों को धमकाने। इसके साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में विभाग द्वारा कराए गए कार्य की जांच सक्षम एजेंसी से कराने व धमकी देने वाले अफसर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की मांग शुरू कर दी। खास बात तो यह है कि डिप्टी रेंजर व ग्रामीणों के बीच बहस छिड़ी हुई थी। इस दौरान डिप्टी रेंजर द्वारा दी गई धमकी कैमरे मे कैद हुई है, जो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। मामले में चर्चा के लिए कटघोरा डीएफओ से संपर्क किया गया, लेकिन संपर्क नही हो सका।







