ट्रंप के अलावा कौन था निशाने पर? व्हाइट हाउस डिनर गोलाबारी में US अटॉर्नी जनरल ने किया खुलासा

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर हमले की साजिश ने फिर से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब दो घंटे तक चले हाई-अलर्ट के बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस से राष्ट्र को संबोधित किया।

इस दौरान फॉक्स न्यूज के रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि आखिर ऐसा बार-बार आपके साथ ही क्यों हो रहा है? इस पर ट्रंप ने उदाहरण देते हुए कहा कि मैंने हमलों और हत्याओं का अध्ययन किया है। जिन लोगों का सबसे ज्यादा प्रभाव होता है, जैसे (अब्राहम लिंकन) उन्हीं को निशाना बनाया जाता है।

ट्रंप ने कहा कि मैं यह कहने से हिचकता हूं कि मुझे इस पर गर्व है, लेकिन हमने देश में कई बड़े बदलाव किए हैं और बहुत से लोग इससे खुश नहीं हैं। शायद यही वजह है।

मैं सामान्य जीवन जीता हूं: ट्रंप

लगातार खतरों के बीच अपने मानसिक हालात पर ट्रंप ने कहा कि मैं एक सामान्य जीवन जीता हूं, हालांकि यह खतरनाक है। कई लोग ऐसी स्थिति में टूट जाते हैं, लेकिन मैं टूटने वालों में से नहीं हूं।

यह डिनर 2015 के बाद पहली बार था, जब ट्रंप इस कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। अपने पहले कार्यकाल के दौरान उन्होंने इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी थी।

पहले भी हो चुके हैं हमले के प्रयास

ट्रंप पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। जुलाई 2024 में पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान एक हमलावर ने पास की छत से गोली चलाई थी। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि ट्रंप के कान में चोट आई थी। हमलावर थॉमस क्रूक्स को मौके पर ही मार गिराया गया था।

इसके कुछ महीनों बाद, सितंबर 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास एक व्यक्ति को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर ट्रंप की हत्या की योजना बना रहा था। उसे बाद में दोषी ठहराते हुए इस साल फरवरी में उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

एक अन्य घटना में फरवरी में ही 21 वर्षीय ऑस्टिन टकर मार्टिन नामक युवक ट्रंप के मार-ए-लागो रिजॉर्ट में शॉटगन के साथ घुस गया था, जिसे सुरक्षा बलों ने मार गिराया। उस समय ट्रंप वहां मौजूद नहीं थे।

हमलावर से पूछताछ जारी

इस घटना के बाद फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह इस साजिश में अकेला था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी शामिल है।

Related Articles