बेंगलुरु(एजेंसी):बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले घरेलू यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दरअसल, एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) ने 1 सितंबर से हवाई अड्डे के यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) में 45% प्रतिशत तक की भारी कटौती की है।
1 सिंतबर से लागू होगा संशोधित यूडीएफ
AERA ने यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह नया ढांचा अपनाया है, जिससे नई परियोजनाओं के चालू होने से पहले यात्रियों पर अतिरिक्त शुल्क का बोझ नहीं पड़ेगा। नए शुल्क 1 सितंबर 2026 से लागू होंगे।
1 सितंबर से घरेलू उड़ान भरने वाले यात्री के लिए यूडीएफ शुल्क मौजूदा 550 रुपये से घटकर 300 रुपये हो जाएगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ान भरने वाले यात्री के लिए शुल्क मौजूदा 1,500 रुपये के मुकाबले 997 रुपये हो जाएगा।
2029 तक लागू रहेंगी दरें
बीआईएएल के प्रवक्ता ने कहा कि संशोधित दरें अगस्त 2029 तक लागू रहेंगी, जिसके बाद टर्मिनल 2 फेज 2 और उससे संबंधित एयरसाइड और लैंडसाइड सुविधाओं सहित प्रमुख परियोजनाओं के पूरा होने के आधार पर इनमें संशोधन किया जाएगा।
AERA ने पहली बार ‘वृद्धिशील ARR’ ढांचा लागू किया है, जिसके तहत यात्रियों से नई अवसंरचना परियोजनाओं (जैसे T2 फेज 2) का शुल्क तभी लिया जाएगा, जब वे पूरी तरह बनकर चालू हो जाएँगी। इस पारदर्शी व्यवस्था का उद्देश्य परियोजनाओं में देरी रोकना और यात्रियों को असामयिक वित्तीय बोझ से बचाना है।





















































