नई दिल्ली(एजेंसी):बेंगलुरु में एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। यहां खुद को करोड़ों का बिजनेस टाइकून बताने वाले विजय राज गौड़ा ने ने शादी का झांसा देकर 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर नव्या श्री के साथ 1.53 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।
आरोपी विजय राज गौड़ा पहले से ही विवाहित है, उसने न सिर्फ शादी का झांसा देकर पीड़िता और उसके परिवार से मोटी रकम निवेश करवाई, बल्कि अपनी पत्नी को ‘बहन’ और पिता को ‘रिटायर्ड तहसीलदार’ बताकर इस पूरी साजिश में शामिल किया।
पढ़िए पूरा मामला
मार्च 2024 में व्हाइटफील्ड निवासी नव्या श्री की मुलाकात ओक्कालिगा वैवाहिक सेवा के माध्यम से विजय राज गौड़ा उर्फ विजय बी से हुई। विजय ने कथित तौर पर खुद को वीआरजी एंटरप्राइजेज का मालिक, साथ ही बेंगलुरु के राजाजीनगर और सदाशिवनगर में क्रशर, लॉरी, जमीन और आवासीय संपत्तियों का मालिक बताया।
यही नहीं उसने कथित तौर पर 2019 के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मामले से संबंधित जमानत आदेश की एक प्रति भी साझा की। 715 करोड़ रुपये की संपत्ति का दावा करके नव्या को भरोसे में ले लिया। इसके बाद उसने नव्या श्री के परिवार से लाखों रुपये अपने कारोबार में निवेश करवाए और उनसे कर्ज भी लिया।
ऐसे शुरू की ठगी
विजय ने कथित तौर पर बैंक खाते की समस्या का हवाला देते हुए 4 अप्रैल को नव्या से 15,000 रुपये उधार लिए। इसके बाद, उसने श्री को साथ मिलकर व्यापार करने के नाम पर दोस्तों से ऋण लेने और पैसे उधार लेने के लिए राजी कर लिया।
परिवार से भी मिलवाया
विजय ने केंगेरी मेट्रो स्टेशन पर अपने परिवार के सदस्यों पिता कृष्णप्पा बी गौड़ा उर्फ बोर गौड़ा यूजे, बहन सुशीदीपा के गौड़ा उर्फ सौम्या और माता नेत्रावती के गौड़ा का परिचय कराया। इस दौरान उसने अपने पत्नी का परिचय बहन के रूप में कराया। उनके पिता ने कथित तौर पर खुद को सेवानिवृत्त तहसीलदार (राजस्व अधिकारी) बताया और वीआरजी एंटरप्राइजेज के चेक जारी करके भुगतान का आश्वासन दिया।
एफआईआर के अनुसार, विजय ने श्री के दोस्तों को भी निवेश करने के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद कई दिनों में क्रमशः 66 लाख रुपये और 23 लाख रुपये का निवेश किया गया। दिसंबर 2024 और फरवरी 2025 के बीच, श्री के पिता ने कथित तौर पर 10.5 लाख रुपये और उनकी मां ने अपनी सेवानिवृत्ति निधि सहित 18 लाख रुपये दिए।
ऐसे खुली पोल
इसके बाद जब नव्या कर्ज चुकाने के लिए उसके घर आई तो सारी सच्चाई सामने आ गई। पता चला कि वह पहले से ही विवाहित है। युवती जिसे अपना ननद समझी वह उसके पति की पत्नी निकली।
आरोपी विजय की पत्नी समेत उसका पूरा परिवार इस वैवाहिक और निवेश धोखाधड़ी में शामिल था। फिलहाल विजय, उसके पिता और पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।





































