फिलीपींस में आया 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई घर गिरे; सुनामी की चेतावनी जारी

- Advertisement -

नई दिल्ली(एजेंसी):दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ तट पर सोमवार को 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप के केंद्र की गहराई जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे है। भूकंप के कारण फिलीपींस और इंडोनेशिया समेत अंतरराष्ट्रीय निगरानी एजेंसियों ने सुनामी की गंभीर चेतावनी जारी की है।

अमेरिकी और प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्रों के साथ-साथ स्थानीय एजेंसियों ने तटीय इलाकों में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठने और भारी नुकसान की आशंका जताई है, जो अगले कई घंटों तक जारी रह सकती हैं।

फिलीपींस में, फिलीपीन ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान संस्थान (फिवोल्क्स) ने भूकंप की तीव्रता 7.8 आंकी और संभावित नुकसान और एक मीटर से अधिक ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी दी है। कई जगहों पर भवनों में दरार और कई घर गिरने की भी खबरें हैं।

चेतावनी जारी

सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वह बिना इंतजार किए ऊंचे स्थान पर चले जाएं। पीछे छूट जाने वाली किसी भी चीज से ज्या जिंदगी अहम है।

इंडोनेशिया ने बोर्नियो द्वीप पर स्थित कालीमंतन और सुलावेसी के कुछ हिस्सों सहित कई क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है, जिसमें तीन मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है, राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने X पर यह जानकारी दी।

रेडियो डीजेडआरएच के अनुसार, दक्षिणी फिलीपींस के जनरल सैंटोस शहर में एक इमारत का एक हिस्सा ढह गया।

फिलीपीन संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए कहा, “हम लोगों को सलाह देते हैं कि वे ऊंचे स्थानों पर चले जाएं या और अंदरूनी इलाकों में चले जाएं।”

इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और उत्तरी मलुकु प्रांतों में रहने वाले लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। ताइवान, जापान, गुआम, पापुआ न्यू गिनी और पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र के कई द्वीपीय देशों और क्षेत्रों में छोटी सुनामी लहरें आने की संभावना हैं।

Related Articles