कोरबा@M4S: कोरबा से एक बड़ा घटना होने से टल गई, कोरबा से रायपुर जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना दर्री थाना क्षेत्र के जेलगांव चौक मुख्य मार्ग की बताई जा रही है। कार में भाजपा नेता के भाई डॉ. विवेक रंजन महतो सहित तीन लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले कार के इंजन से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और सभी लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि कार से बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद वाहन के दरवाजे लॉक हो गए और पूरी XUV कार आग का गोला बन गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी SUV कार जलकर खाक हो गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बीच सड़क पर धू-धू कर जलती XUV और मौके पर मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है।





































