छत्तीसगढ़ की आयरन फैक्ट्री में भयानक विस्फोट से लगी आग, 6 मजदूरों की मौत

- Advertisement -

बलौदाबाजार/रायपुर(एजेंसी): छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजर में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई है और 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।

ये घटना भाटापारा क्षेत्र में स्थित प्राइवेट इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में लगी है। आज (गुरुवार) सुबह लगभग 10 बजे फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री में आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई और कई मजदूर इस आग में झुलस गए।

विस्फोट से मचा हड़कंप

फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट के कोल कीलन में विस्फोट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में आग लगने से चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास काम कर रहे लोगों को संभलने तक का मौका तक नहीं मिला।

मामले की जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज करके आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फैक्ट्री में तकनीकी खराबी या मशीनरी में दबाव बढ़ने के कारण विस्फोट की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के बेहतर इलाज की भी बात कही है।

बलौदाबाजार इस्पात संयंत्र हादसा: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताया गहरा शोक, घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश

 

बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र में हुए दर्दनाक हादसे पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए विस्फोट में श्रमिकों के असामयिक निधन को अत्यंत दुःखद बताते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार हेतु सिम्स, बिलासपुर में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव उत्तम एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे।

श्री जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में बलौदाबाजार कलेक्टर से चर्चा की गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Related Articles