सोफे में छिपा था कोबरा, RCRS टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

- Advertisement -
कोरबा@M4S:जिले के रिसदी क्षेत्र में लक्ष्मी जी के घर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिवार के लोगों को सोफे के अंदर से फुंकारने की आवाज सुनाई दी। पहले तो किसी को समझ नहीं आया कि आवाज कहां से आ रही है, लेकिन जब ध्यान से देखा गया तो पता चला कि सोफे के अंदर एक जहरीला कोबरा छिपा हुआ है। यह देखकर घर के लोग घबरा गए और तुरंत RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) के सदस्य सागर को कॉल कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही सागर ने तुरंत RCRS टीम के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हालांकि यह रेस्क्यू इतना आसान नहीं था, क्योंकि कोबरा सोफे के अंदर गहराई में छिपा हुआ था और लगातार अपनी जगह बदल रहा था। कुछ समय तक मानो कोबरा और रेस्क्यू टीम के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा।
स्थिति को देखते हुए सोफे को सावधानीपूर्वक थोड़ा काटना पड़ा, जिसके बाद आखिरकार कोबरा बाहर निकला। काफी सतर्कता और अनुभव के साथ टीम ने सुरक्षित तरीके से कोबरा को पकड़ लिया और रेस्क्यू सफलतापूर्वक पूरा किया। रेस्क्यू के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली और RCRS टीम के इस सराहनीय कार्य के लिए धन्यवाद दिया।
अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि अक्सर घरों में चूहों की मौजूदगी के कारण सांप वहां शिकार की तलाश में पहुंच जाते हैं। संभवतः सोफे के अंदर चूहे की गंध होने के कारण कोबरा वहां छिपा हुआ था। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर के आसपास साफ-सफाई रखें, चूहों को पनपने न दें और किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराने की बजाय तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Related Articles