बारिश से बदहाल सड़कों पर निगम की सफाई,बजरी और धूल से राहत की कोशिश कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने निगम की लीपापोती पर लगाया आरोप घेराव की दी चेतावनी

- Advertisement -

कलेक्टोरेट के सामने निगम कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा, अन्य प्रमुख मार्गों पर भी हो रही सफाई
कोरबा@M4S:इस बार हुई भारी बारिश ने शहर की सड़कों की सूरत बिगाड़कर रख दी है। लगातार बारिश के कारण प्रमुख मार्गों पर डामर उखड़ गया है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। डामर के साथ सड़क पर बिखरी जीरा गिट्टी और मिट्टी अब राहगीरों के लिए नई परेशानी बन गई है। इसे देखते हुए नगर निगम ने सड़कों पर सफाई अभियान शुरू किया है।
पिछले दो दिनों से बारिश थमने और धूप खिलने के बाद सड़क के गड्ढों में भरा पानी तो सूखने लगा है, लेकिन सड़कों पर पसरी बजरी और मिट्टी से धूल का गुबार उठ रहा है। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण सड़क पर जमा महीन मिट्टी हवा में उड़कर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी खड़ी कर रही है। कई स्थानों पर लोगों को आंखों में धूल जाने के कारण आंखें मलते हुए गुजरना पड़ रहा है। सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारी भी लगातार उड़ती धूल से परेशान हैं। सड़कों पर बिखरी जीरा गिट्टी केवल धूल की समस्या नहीं बढ़ा रही, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बन गई है। गिट्टी पर ब्रेक लगने से वाहन के फिसलने और अनियंत्रित होने की आशंका बनी हुई है। शहर में कई स्थानों पर सड़क की खराब हालत के बीच बिखरी बजरी के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है। सोमवार सुबह कलेक्टर कार्यालय के सामने नगर निगम के कर्मचारी सड़क पर झाड़ू लगाते नजर आए। कर्मचारियों ने डामर से उखड़कर सड़क पर फैली बजरी और जीरा गिट्टी को हटाया। निगम की इस पहल का उद्देश्य सड़क से फिसलन का खतरा कम करने के साथ धूल की समस्या से भी लोगों को राहत दिलाना है। शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इसी तरह सफाई कर सड़क पर जमा बजरी और मिट्टी हटाई जा रही है। बारिश के बाद सड़क मरम्मत का काम शुरू होने से पहले निगम की यह सफाई लोगों को तत्काल राहत देने की कोशिश मानी जा रही है। हालांकि शहरवासियों का कहना है कि जहां सड़क का डामर पूरी तरह उखड़ चुका है, वहां स्थायी राहत के लिए जल्द मरम्मत की जरूरत है।

 

कांग्रेस का आरोप शहर की सड़को में  गड्ढे है या गड्ढों में सड़क 

कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने निगम की लीपापोती पर हमला बोलते हुए पूरी शहर की सड़कों में बजरी धूल से लोगो का बाइक और पैदल चलना बेहद मुशिकल है,शहर की सड़को में  गड्ढे है या गड्ढों में सड़क,धूल गुबार से लोगो के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। निगम जल्द सड़को में सुधार कार्य नहीं करता है आने वाले दिनों में कांग्रेस निगम का घेराव करेगी।
 घटिया सड़क और धूल से स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर 
कोरबा के राहगीरों का  कहना है की कोरबा शहर में बिना मुँह कपडे से ढके चश्मा लगाए नहीं निकल सकते,बारिश के बाद सड़क की परते हर तीन माह में उखड़ रही है,बजरी और धूल गुबार से स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है,निगम प्रशासन को जल्द सड़क को ठीक करें।

Related Articles