नोएडा(एजेंसी):श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को नोएडा के मंदिर भक्ति, भव्यता और स्वाद के अनूठे संगम के साक्षी बनेंगे। कहीं कान्हा के लिए 500 से अधिक तरह के पकवानों की थाल सजाई जाएगी तो कहीं 1500 किलो प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित होगा। शहर के मंदिरों में जन्माष्टमी की तैयारी अंतिम चरण पर है। सेक्टर 33, 151 के इस्कान मंदिर, सेक्टर 19 स्थित मंदिरों सहित तमाम मंदिरों को फूलों, रोशनी और विशेष श्रृंगार से सजाया गया है।
जन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
भक्त खुद तैयार कर रहे पोशाक
सेक्टर-33 स्थित इस्कान नोएडा में जन्माष्टमी का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया जाने वाला 500 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भोग होगा। माखन-मिश्री, लड्डू, पेड़े, खीर और हलवे से लेकर पूड़ी-कचौड़ी, परांठे, केक, पेस्ट्री, पिज्जा, पास्ता, लजानिया और टैकोज तक देश-विदेश के व्यंजन भोग में शामिल होंगे। खास बात यह है कि भोग की सामग्री और मसाले मंदिर की रसोई में ही तैयार किए जा रहे हैं।
30 महिलाओं की टीम जुटी
इस विशाल भोग की तैयारी में 25 वर्षों से सेवा कर रहीं 30 से अधिक महिलाएं जुटी हैं। वे हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन करते हुए माता यशोदा के वात्सल्य भाव से कान्हा के लिए पकवान तैयार कर रही हैं।
भगवान के लिए विशेष पोशाक भी मंदिर के अनुभवी भक्त अपने हाथों से तैयार कर रहे हैं, जिसमें रेशमी कपड़े, मोती, गोटा और जरी से बारीक सजावट की जा रही है। मंदिर में सुबह 4:30 बजे से दर्शन शुरू होंगे और रात 12 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
दिनभर हरिनाम संकीर्तन और प्रसाद वितरण होगा। सेक्टर 151 मंदिर की ओर से सेक्टर-149 के गणेशावरम् होटल में भी विशेष आयोजन होगा। रात 10 बजे कृष्ण जन्मोत्सव अभिषेक और मध्यरात्रि में महाआरती होगी।
चांदी के झूले पर विराजेंगे लड्डू गोपाल
सेक्टर-19 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में 4 सितंबर को सुबह पांच बजे से धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। भगवान श्रीकृष्ण, राधारानी और लड्डू गोपाल के लिए कोलकाता के कारीगरों से विशेष पोशाक तैयार कराई जा रही है। मंदिर में आकर्षक फूल बंगला बनाया जाएगा और लड्डू गोपाल को चांदी के झूले पर विराजमान कराया जाएगा। सुबह से ही प्रसाद वितरण शुरू होगा और 1500 किलोग्राम प्रसाद बांटने की तैयारी है।
19 सितंबर को श्रीराधाष्टमी मनाई जाएगी
मंदिरों में पुलिस और सेवादार सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन संभालेंगे। बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं से भीड़ से बचने की अपील की गई है। इस्कान की ओर से ऐसे श्रद्धालुओं के लिए आनलाइन दर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पिंक बूथ का इंतजाम है,महामहोत्सव और 19 सितंबर को श्रीराधाष्टमी मनाई जाएगी।





















































