नई दिल्ली(एजेंसी):देश की दिग्गज माइनिंग और मेटल कंपनी वेदांता लिमिटेड (Vedanta Limited) के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है। दरअसल, कंपनी ने आंध्र प्रदेश में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्कोटॉक एक्सचेंज को दी सूचना में कंपनी ने बताया है कि उसे आंध्र प्रदेश के ‘पुन्नम मैंगनीज ब्लॉक’ (Punnam Manganese Block) के लिए सफल बोलीदाता घोषित किया गया है।
वेदांता लिमिटेड की एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, आंध्र प्रदेश सरकार के खान और भूविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित ई-नीलामी के माध्यम से कंपनी ने यह बोली जीती है। सभी आवश्यक वैधानिक अनुपालनों को पूरा करने के बाद वेदांता को सफल घोषित किया गया।
ब्लॉक की खासियत और विस्तार
यह मैंगनीज ब्लॉक आंध्र प्रदेश राज्य में स्थित है और कुल 152 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। वर्तमान में यह ब्लॉक अन्वेषण के G4 चरण में है। इस अधिग्रहण के साथ वेदांता अपने विविध धातु और माइनिंग पोर्टफोलियो को और अधिक विस्तार देने की राह पर है।
देश और कंपनी के लिए क्यों है खास?
वेदांता का मानना है कि इस मैंगनीज ब्लॉक के अधिग्रहण से न केवल कंपनी की स्थिति मजबूत होगी, बल्कि यह भारत की बढ़ती मैंगनीज जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक सिद्ध होगा। क्योंकि, इससे देश के भीतर संसाधनों की उपलब्धता बढ़ेगी। वर्तमान में भारत मैंगनीज के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है। इस तरह के प्रोजेक्ट्स से विदेशों पर निर्भरता कम होगी। वेदांता के पास पहले से ही कई धातुओं का बड़ा पोर्टफोलियो है, जिसमें अब मैंगनीज की पकड़ और मजबूत होगी।


















