नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने राजधानी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव के चलते लंबा ट्रैफिक जाम लगा और वाहन घंटों रेंगते नजर आए। इसी बारिश ने अगस्त के पहले सप्ताह में 15 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में पीक आवर्स के दौरान लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर कैब नहीं मिलने और सड़क पर फंसने की शिकायत भी की।
लगातार बारिश के कारण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात धीमा पड़ गया।
महरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर स्ट्रेच, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग जैसे इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD के अनुसार, अगस्त के पहले सात दिनों में दिल्ली में 127 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वर्ष 2011 के बाद अगस्त के पहले सप्ताह में यह सबसे अधिक बारिश है।
ITO, प्रगति मैदान, छतरपुर, पुष्प विहार और सफदरजंग समेत कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। जगह-जगह पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।बारिश के बीच लाल बत्तियों से जगमगाती गाड़ियों की लंबी कतारें और पानी से भरी सड़कें राजधानी में बने हालात की तस्वीर बयां करती रहीं।








