अव्यवस्थाओं को लेकर एकलव्य विद्यालय के छात्रों ने किया चक्काजाम  प्रिंसिपल को हटाने मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठे, पहले विधायक की गाड़ी भी रोक चुके हैं छात्र

- Advertisement -

कोरबा@M4S:जिले के छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कथित अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।विद्यालय के प्राचार्य और अधीक्षिका को हटाने और छात्रावास की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर छात्रों ने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह से बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।इससे पहले नाराज छात्रों ने स्थानीय विधायक की गाड़ी को रोककर अपनी मांग रख चुके है।
मामला कटघोरा थानांतर्गत का है।बताया जा रहा है कि सुबह 7 बजे के लगभग एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्र अपने क्लासरूम में जाने की जगह सीधे सड़कों पर उतर आये और कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर धरने पर बैठ गये। प्रदर्शन में शामिल छात्रों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं,लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्राचार्य अहमद खान को तत्काल हटाने और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है। उनका कहना है कि कई बार खाने में कीड़े मिलने की शिकायत भी सामने आई है। इसके अलावा छात्रावास अधीक्षक पर छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना है कि विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है,जिससे उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई हो। कुछ दिन पहले भी उन्होंने कटघोरा विधायक की गाड़ी के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई,जिसके बाद उन्हें सड़क पर उतरकर चक्काजाम करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे छात्र इस बात पर अड़े रहे कि जब तक उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा और मामले से कलेक्टर को अवगत नहीं कराया जाएगा,तब तक वे चक्काजाम समाप्त नहीं करेंगे। घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम,कटघोरा पुलिस और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने छात्रों और उनके परिजनों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से छात्रों को आश्वासन दिए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके बाद मुख्य मार्ग पर यातायात फिर से सामान्य हो सका। फिलहाल प्रशासन ने छात्रों की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि विद्यालय में उठाए गए मुद्दों पर क्या कदम उठाए जाते हैं और छात्रों की मांगों पर कब तक कार्रवाई होती है।

Related Articles