कोरबा@M4S:जिले के पसान थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन वाहन जांच अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एएसआई चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे हैं।
इसी दौरान पेंड्रा से कोरबा चलने वाली जय श्री बस सर्विस को रोककर जांच की गई। पुलिस ने चालक का परीक्षण किया तो वह अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। इस पर उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान जब पुलिस ने बस की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें 11 नग बकरियां अवैध रूप से परिवहन करते हुए मिलीं। इसके बाद पुलिस ने अवैध पशु परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया।
पसान पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नशे में वाहन चलाने और अवैध परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।







