सिटी कोतवाली थाना में घुसा नशेड़ी, मचाया जमकर उत्पात  पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज कर शासकीय कार्य किया बाधित

- Advertisement -

कोरबा@M4S:सिटीकोतवाली में एक नशेड़ी का आतंक देखने को मिला। एक युवक शराब के नशे में धुत होकर सीधे थाना परिसर में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। उसने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी, शासकीय कार्य में बाधा डाली, थाने के महत्वपूर्ण दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और तोड़फोड़ करते हुए रोजनामचा तक फाड़ने की कोशिश कर डाली। काफी देर तक पूरा थाना स्टाफ उसके आक्रामक व्यवहार से जूझता रहा। आखिरकार उसे काबू कर गिरफ्तार किया गया।
दर्ज एफआईआर के मुताबिक 29 जून को दोपहर करीब 3 बजे थाना कोतवाली में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक कुंवर साय ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति अत्यधिक शराब के नशे में थाना पहुंचा और बिना किसी कारण के हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।आरोपी ने थाना के दस्तावेज उठाकर इधर-उधर फेंक दिए। ड्यूटी पर मौजूद महिला आरक्षक सुनीता कश्यप और मोहर्रिर सुनीता डहरिया के साथ भी अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। इतना ही नहीं थाना के महत्वपूर्ण अभिलेख रोजनामचा को फाड़कर फेंकने का प्रयास किया तथा टेबल में लगे कांच को तोड़कर नुकसान पहुंचाया। एफआईआर के अनुसार आरोपी का उत्पात यहीं नहीं रुका। वह स्वयं अपना सिर और चेहरा दीवार पर पटकने लगा। मददगार आरक्षक परमेश्वर सिंह, आरक्षक प्रदीप टेकाम और रविंद्र भारद्वाज ने उसे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनके साथ भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इमलीडुग्गू निवासी सोनू विश्वकर्मा ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार आक्रामक बना रहा। इस दौरान थाना आने वाले फरियादियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाद में पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश चौहान पिता हरीशंकर चौहान निवासी सीतामणी बताया। घटना की सूचना थाना प्रभारी एमबी पटेल को दी गई, जो तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके समझाने के बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सहायक उपनिरीक्षक कुंवर साय की रिपोर्ट पर आरोपी राजेश चौहान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221, 296, 324(4), 351(3) एवं 355 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

Related Articles