मुंबई(एजेंसी):महाराष्ट्र के पुणे जिले का केतन हत्याकांड मामला अब अदालत तक पहुंच गया है। सरकारी वकील उज्ज्वल निकम केतन के परिवार की तरफ से ये केस लड़ेंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आज शुक्रवार, 26 जून को केतन अग्रवाल के परिवार से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सबसे कड़ी सजा मिलेगी।
दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने आज पुणे में देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की।
मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया, हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इस मामले में दोषियों को सबसे कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
उज्ज्वल निकम लड़ेंगे केतन का केस
मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह भी बताया कि परिवार की फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की मांग को तुरंत मान लिया गया।
कार्यालय ने कहा कि उज्ज्वल निकम ने भी इस मामले में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर काम करने के लिए अपनी सहमति दे दी है।






