ग्रामीण को जिंदा गाड़ देने की धमकी, भड़का आक्रोश  ग्रामीणों ने अरदा चौक में किया चक्काजाम,एफआईआर दर्ज होने पर आंदोलन समाप्त

- Advertisement -

कोरबा@M4S:टीएमसी नामक ठेका कंपनी के एक अफसर ने सड़क की खुदाई करने से मना करने पर ग्रामीण से अभद्रता शुरू कर दी। उसने ग्रामीण को जमीन में जिंदा गाड़ देने की धमकी दी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अरदा चौक में चक्काजाम कर दिया। पुलिस व प्रशासन की समझाइश तहत एफआईआर दर्ज होने पर आंदोलन समाप्त हुआ।
मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। दरअसल सिंघाली भूमिगत खदान में टीएमसी नामक ठेका कंपनी कार्यरत है। कंपनी का अधिकारी केके सिंह द्वारा भेजीनारा से लालपुर जाने वाले मुख्य मार्ग को अवरूद्ध किया जा रहा था। जिससे गांव में रहने वाले शंकर सिंह ने मना कर दिया। यह बात अफसर को रास नहीं आई। उसने शंकर सिंह को जातिगत गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसके इस कृत्य से शंकर को ठेस लगी। जैसे ही समाज के लोगों को घटना की जानकारी हुई, वे आक्रोशित हो गए। अरदा भेजीनारा सहित अन्य गांव में समाज के लोगों ने थाना व पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। इसके बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। गुरूवार की सुबह आदिवासी समाज के लोग भारी संख्या में अरदा चौक में एकत्रित हुए। उन्होंने अरदा चौक में चक्काजाम कर दिया। वे टीएमसी के अधिकारी के खिलाफ एफआईआर की मांग करने लगे। जैसे ही चक्काजाम की सूचना मिली, पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश दी, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार टीएमसी के अधिकारी केके सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3), 3(1) (द) के तहत अपराध दर्ज किया गया। तब कहीं जाकर आंदोलन समाप्त हुआ। आंदोलन के दौरान मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लगी थी।

Related Articles