- Advertisement -
नई दिल्ली(एजेंसी):इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रशासन ने केंद्रीय अफ्रीका में फैल रहे इबोला वायरस के आउटब्रेक को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी कर दी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से सतर्कता का यह कदम डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान में चल रहे इबोला आउटब्रेक के मद्देनजर उठाया गया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर तुरंत सूचना दें।
इबोला को लेकर क्या एडवाइजरी जारी की गई?
- प्रभावित देशों (कांगो, युगांडा, दक्षिण सूडान आदि) से आने या वहां ट्रांजिट करने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
- यदि किसी यात्री को बुखार, थकान/कमजोरी, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी, दस्त, गले में खराश या असामान्य ब्लीडिंग जैसे लक्षण दिखें तो वह तुरंत एयरपोर्ट हेल्थ डेस्क या हेल्थ आफिसर को सूचित करें।
- यदि यात्री को संदेह हो कि वह इबोला संक्रमित व्यक्ति के खून या बाॅडी फ्लूइड्स के संपर्क में आया है, तो इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करने से पहले ही इसकी जानकारी दें।
- यात्रा के 21 दिनों के अंदर यदि ऊपर बताए गए कोई भी लक्षण नजर आएं तो तुरंत नजदीकी डाक्टर से संपर्क करें और अपनी पूरी यात्रा इतिहास (ट्रैवल हिस्ट्री) बताएं।





































