परिजनों ने किया हंगामा, आर्थिक सहयोग का दिया आश्वासन
कोरबा@M4S: सोमवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज नामक फ्लाई ऐश ईंट की फैक्ट्री में मशीन की सफाई के दौरान महिला मजदूर की मशीन में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार घटना दोपहर तीन से चार बजे के बीच हुई। फैक्ट्री में चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। मृतका भी लंबे समय बाद सोमवार को काम पर लौटी थी। मशीन को चालू हालत में साफ करते समय अचानक लीवर नीचे गिर गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतका का पति, नाबालिग बेटा अयांश व ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से मना कर दिया। मृतका के परिवार को उचित मुआवजा और नाबालिग बेटे के भविष्य की गारंटी फैक्ट्री संचालक से चाही गई। हंगामा की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया को हस्तक्षेप करना पड़ा।करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद फैक्ट्री संचालक, ग्रामीणों और पुलिस के बीच वार्ता हुई। इसमें तय हुआ कि तात्कालिक सहायता 75 हजार रुपये नगद दिया जाएगा। दो लाख रुपये मृतका के पुत्र अयांश के नाम पर एफडी कराया जाएगा। 18 साल की उम्र तक बेटे को प्रतिमाह 1500 रुपये भरण-पोषण के लिए और बालिग होने पर फैक्ट्री में नौकरी देने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने शव उठाने दिया।
चालू मशीन की सफाई करते समय महिला हुई हादसे का शिकार, मौत
- Advertisement -





































