नई दिल्ली(एजेंसी):मुंबई के मलाड में सड़क पर हुई हिंसक झड़प में एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दरअसल, मलाड में इनऑर्बिट मॉल के पास लिंक रोड पर हुई एक मामूली टक्कर के बाद कैब चालक और बाइक सवार के बीच विवाद हुआ।
विवाद इतना बढ़ गया कि टैक्सी चालक ने धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक और उसके साथ मौजूद एक यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।
डिजिटल मार्कटेंगि कंपनी में कार्रत था मृतक
25 वर्षीय मृतक युवक एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत था। जिसकी पहचान मालवानी निवासी शारिक अंसारी (25) के रूप में हुई है। वहीं, कैब चालक सत्येंद्र गुप्ता (28) और यात्री सुनील पाल (27) दोनों कांदिवली पश्चिम के लालजीपाड़ा के निवासी हैं।
कैब चालक सत्येंद्र गुप्ता ने फोन पर पुलिस को सूचना दी कि एक बाइकर का उससे झगड़ा हो गया है, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बाइकर को चाकू मार दिया गया था।
क्या बोली पुलिस?
डीसीपी (जोन XI) संदीप जाधव ने बताया, “झगड़े के दौरान, टैक्सी चालक ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी से एक धारदार हथियार निकाला और अंसारी पर वार कर दिया। हथियार अंसारी की छाती और गर्दन के पिछले हिस्से में जा लगा। आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया क्योंकि उसने खुद झगड़ा शुरू होते ही पुलिस को फोन कर दिया था।”
गाड़ी रोकते ही शुरू हुआ विवाद
पुलिस अधिकारी ने बताया, “दोनों के बीच कहासुनी जल्दी ही बढ़ गई क्योंकि वे बहस करते हुए गाड़ी चलाते रहे। जब उन्होंने ओसवाल मेट्रो स्टेशन के नीचे मलाड में इंफिनिटी मॉल के पास अपनी गाड़ियां रोकीं तो टकराव और बढ़ गया और टैक्सी चालक के गाड़ी से बाहर निकलने के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।”
अधिकारी ने बताया कि अंसारी टैक्सी के पीछे बाइक चला रहा था और उसकी बाइक टैक्सी से हल्की सी टकरा गई। “गुप्ता ने अपनी टैक्सी रोककर बाइक सवार का रास्ता रोक दिया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के दौरान अंसारी ने अपने हेलमेट से टैक्सी के शीशे पर वार किया और शीशा तोड़ दिया।
गुप्ता को गुस्सा आ गया और उसने अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया। यात्री पाल भी इस कहासुनी में शामिल था। इसलिए गुप्ता और पाल दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।”





































