पुनर्वास गांव में समस्याओं का अंबार, ग्रामीण परेशान   कलेक्टर से मुलाकात कर समस्या समाधान करने सौंपा ज्ञापन

- Advertisement -

कोरबा@M4S:कोयला खदान गेवरा दीपका माइंस के नजदीक बसे ग्राम पंचायत बतारी, चैनपुर एवं बेलटिकरी बसाहट के ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित मूलभूत समस्याओं के लिए जूझ रहे हैं।  कई बार एसईसीएल प्रबंधन से लिखित शिकायत की गई पर कोई समाधान नहीं निकला। सभी पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पंचायत के मूलभूत सुविधाओं को लेकर और इसके त्वरित समाधान की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर ग्राम पंचायत बतारी के सरपंच एवं कटघोरा ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष राजू लाल श्रोते, उपसरपंच नीता किरण जायसवाल, पंच उमेश कुमार कंवर, पंच किताब सिंह कंवर, ग्राम प्रमुख दाय राम जायसवाल, दया शंकर कश्यप, सुखीराम जायसवाल, जगदीश प्रसाद जायसवाल, कुलदीप जायसवाल, सोंभाराम यादव, मया सिंह कंवर,अजय कंवर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
ज्ञापन में कहा गया है कि चैनपुर-बेलटिकरी (बतारी) पुनर्वास को अस्तित्व में आए 20 से 25 वर्ष से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन अब तक यहां की कई मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने मुक्तिधाम निर्माण, गलियों व सड़कों का डामरीकरण तथा नालियों के निर्माण व मरम्मत को लेकर गंभीर स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क और नालियों का निर्माण वर्षों पूर्व किया गया था, जिसकी आज तक मरम्मत नहीं होने से वे पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। इससे आए दिन आवागमन और जलभराव की समस्या बनी रहती है। राजू लाल श्रोते ने बताया कि कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार समय पर समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन की होगी।

Related Articles