मड़वारानी मंदिर से लगे गुणवत्ताहीन सर्विस रोड में बने जानलेवा गड्ढे  हादसों को दे रहे आमंत्रण, बरसात बीतने के बाद भी मरम्मत की नहीं ली जा रही सुध

- Advertisement -
कोरबा@M4S:राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 149- बी कोरबा – चाम्पा में एनएचएआई प्रबंधन की उदासीनता और ठेकेदार की लापरवाही आम जनता पर भारी पड़ रही। मड़वारानी मंदिर से लगे सर्विस रोड तकनीकी मानकों गुणवत्ता की अनदेखी से जानलेवा बन चुकी है।अधूरे सड़क, सर्विस रोड के साथ टोल प्लॉजा के जरिए टोल वसूली में मस्त एनएचएआई के जिम्मेदार अफसरों, ठेकेदार की मनमानी की वजह से जर्जर सर्विस रोड गंभीर दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। वहीं प्रशासन की मूकदर्शक वाली भूमिका आस्था के साथ मंदिर पहुंचने वाले लोगों के मन में शासन प्रशासन के प्रति अविश्वास की भावना उत्पन्न कर रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 149 बी कोरबा -चाम्पा मार्ग के स्वीकृति से लेकर तैयार होने में जिस तरह का लंबा इंतजार और कष्ट मड़वारानी ,बरपाली वासियों को सहन करने पड़े हैं शायद ही किसी प्रोजेक्ट में देखने को मिले। लेकिन देर सबेर जब उरगा से सरायपाली तक फोरलेन तैयार हुई है तो उसमें भी आधी अधूरी सर्विस रोड के बीच 2 माह पूर्व ही पचपेड़ी में टोल प्लॉजा शुरू कर टोल वसूली शुरू कर दी गई है। एनएचएआई के इस मनमानी के खिलाफ विरोध के स्वर भी फूटे थे, लेकिन वो भी कुछ समय बाद ठंडे पड़ गए और मार्ग में टोल वसूली की जा रही है। जबकि बरपाली एवं मड़वारानी में पूरी तरह डामरीकृत सर्विस रोड तैयार नहीं किया जा सका है। बरपाली में अंडर ब्रिज से आगे का हिस्सा कोर्ट प्रकरण की वजह से अटका है तो उसी लाइन के शेष अविवादित हिस्से में भी एनएचएआई के फर्म ने सर्विस रोड का पक्कीकरण नहीं किया गया। बात करें मड़वारानी की तो यहाँ सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मड़वारानी मंदिर से लगे सर्विस रोड के निर्माण में इस कदर गुणवत्ता की अनदेखी कर ठेकेदार ने खानापूर्ति की थी कि पहली ही बरसात में ही सर्विस रोड की धज्जियाँ उड़ गई। बरसात भर मुसाफिरों, माँ मड़वारानी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं व स्थानीय निवासियों को जर्जर सर्विस रोड में हिचकोले खाने पड़े। लेकिन अब बरसात बीतने के बाद भी एनएचएआई सर्विस रोड की सुध नहीं ले रही। मंदिर में पूजन सामाग्री विक्रेताओं ने बताया कि बरसात के पूर्व अफसरों ने आश्वस्त किया था कि बरसात के बाद सर्विस रोड की मरम्मत कराई जाएगी पर अभी तक वे अपने वादों पर अमल नहीं कर सके। नतीजन मुसाफिरों मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की मुसीबतें बढ़ गई है। सड़क में जमा पानी, कीचड़ भी वाहनों के चलने से निर्माणाधीन मंदिर तक आ पहुंचते हैं। जिससे लोगों की आस्था भी आहत हो रही है।
अंडरब्रिज में भी कब्जा, बना अस्थाई टैक्सी स्टैंड
जहाँ बरपाली,मड़वारानी सर्विस रोड की स्थिति खराब है तो वहीं एनएचएआई के अफसरों की अनदेखी की वजह से अंडरब्रिज में अवैध कब्जा हो चुका है। दोनों ही जगह दुकानें लग गई हैं। बरपाली में तो स्थिति सबसे ज्यादा खराब है यहाँ अंडर ब्रिज में बरपाली का डेली मार्केट ही सज गया है यही नहीं अस्थाई टैक्सी स्टैंड बन गया है। तहसील मुख्यालय होने की वजह से इसे प्रशासनिक लापरवाही भी कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। तहसीलदार नियमित यह नजारा देखते हुए आगे बढ़ जाते हैं, समय समय पर अन्य उच्च प्रशासनिक अधिकारियों का भी यहाँ आगमन बना रहता है। एनएचएआई के अधिकारी भी इससे वाकिफ हैं। बावजूद ऐसी स्थिति निराशाजनक है। कई मौकों पर लोग दुर्घटना का शिकार होते होते बचे हैं। बावजूद एनएचएआई के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी सुध नहीं है।

Related Articles