नई दिल्ली(एजेंसी): रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक एंटोनोव एएन-24 यात्री विमान क्रैश हो गया। इस विमान में करीब 50 लोग सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा।
रूसी आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि विमान का मलबा जंगल में जलता हुआ मिला। हेलीकॉप्टर से ली गई तस्वीरों में विमान का अगला सिरा आग की लपटों में घिरा दिखाई दिया। बचाव दल घटनास्थल की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन हालात बेहद मुश्किल हैं।
विमान साइबेरिया की एअरलाइन अंगारा का था। ये विमाव ब्लागोवेशचेंस्क से टायंडा जा रहा था। यह विमान 1976 में बना था और सोवियत जमाने का था। टायंडा के पास पहुंचते ही यह विमान रडार से गायब हो गया था।
हादसे की क्या वजह आ रही सामने?
हादसे की वजह खराब मौसम और चालक दल की गलती को माना जा रहा है। रूसी समाचार एजेंसी टीएएसएस के मुताबिक, खराब विजिबिलिटी के बीच लैंडिंग के दौरान चालक दल से चूक हुई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
विमान का मलबा टायंडा से 15 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर मिला। आपातकालीन सेवा की अधिकारी यूलिया पेटिना ने टेलीग्राम पर लिखा, “रोसावियात्सिया का एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर ने जलते हुए विमान के अगले सिरे को देखा है।”
5 kids among scores MISSING as passenger plane disappears off radar
Massive hunt for liner underway pic.twitter.com/i5zj3IwDwX
— RT (@RT_com) July 24, 2025
चीन की सरहद से सटी है हादसे की जगह
बचाव दल अब भी घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश में हैं, लेकिन घने जंगल और आग रेस्क्यू की कोशिश का आड़े आ रहे हैं। रूसी अधिकारियों ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। यह विमान अमूर क्षेत्र के एक छोटे से शहर टायंडा की ओर जा रहा था। ये इलाका चीन की सरहद से सटा हुआ है।





































