कोरबा@M4S:कोरबा के मिनीमाता बांगो बांध लबालब हो गया है,लगातार बारिश और पानी की अधिक आवक के कारण मिनीमाता बांगो जलाशय के गेट खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने बाढ़ के पानी को नियंत्रित करने के लिए आज सुबह 9:35 बजे बांध के कुल 7 गेट खोले हैं।
कार्यपालन अभियंता एस के भारती ने बताया कि अभी बांध का लेवल 358.60 मीटर और जल भराव 93.65% हो गया है।
कितना पानी छोड़ा जा रहा
खोले गए गेट इस प्रकार हैं:
गेट न.3: 0.40 मीटर
गेट न.4: 0.50 मीटर
गेट न.5: 0.50 मीटर
गेट न.6: 0.50 मीटर
गेट न.7: 0.50 मीटर
गेट न.8: 0.50 मीटर
गेट न.9: 0.40 मीटर
इन 7 गेटों से 18786 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पावर प्लांट हाइडल के द्वारा 9000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

इस प्रकार बांध से कुल 27786 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है। हूटर बजाकर लोगों को सूचित किया जा रहा है।
खदान संचालकों और उद्योगों को भी जारी की सूचना
मिनीमाता बांगो परियोजना के कार्यपालन अभियंता की ओर से सर्वसाधारण के अलावा खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न संस्थानों को भी सूचना जारी की गई है। पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा मानकों का पालन करने और नदी तटों के आसपास कार्यों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उन औद्योगिक इकाइयों और खदान संचालकों को सतर्क रहने को कहा गया है, जिनकी गतिविधियां नदी के आसपास संचालित होती हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
35 गांवों में मुनादी
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद प्रभावित होने वाले इलाकों में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अलर्ट जारी कर दिया है। नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कर लोगों को संभावित जलभराव की जानकारी दी जा रही है। ग्रामीणों से मवेशियों, कृषि उपकरणों और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की अपील की गई है, ताकि किसी प्रकार की जन-धन हानि से बचा जा सके। स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जलस्तर में होने वाले बदलाव की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से नदी और नालों के पास अनावश्यक रूप से न जाने तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





















































