- Advertisement -
प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने हितग्राहियों को वितरित किया प्रमाण पत्र
रायपुर@M4S: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की जनहितैषी योजना ‘‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’’ के क्रियान्वयन हेतु रायपुर शहर के शंकर नगर जोन में आज शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रबंध निदेशक डिस्ट्रीब्यूशन भीमसिंह कंवर ने किया।
कार्यक्रम में श्री कंवर ने हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप मे देवेंद्र तिवारी भाजपा जिला अध्यक्ष कोरिया एवं मुख्य अभियंता रायपुर शहर एवं ग्रामीण श्री संजीव सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से प्रदेश के उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के भुगतान में राहत दिलाने एवं आन स्पाट समाधान प्रदान कराने की दिशा मे यह योजना महत्वपूर्ण कदम है। योजना के अंतर्गत मार्च 2023 से अब तक बकाया बिजली बिल के सक्रिय एवं निष्क्रिय उपभोक्ताओं को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। श्री कंवर ने बताया कि यह पहली ऐसी योजना है जिसमें सक्रिय उपभोक्ता को पहली बार बकाया बिल में राहत दिया जाएगा। योजना में सक्रिय उपभोक्ता के तहत डीएलएफ, बीपीएल एवं कृषि श्रेणी के उपभोक्ता शामिल है।

रायपुर शहर के 4 जोन (ईस्ट, वेस्ट, साउथ एवं सेंट्रल) के 14 स्थानों पर शिविर लगेंगे। अधीक्षण अभियंता सिटी सर्किल एक महावीर विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मे संचालित बकाया वसूली अभियान के तहत कई बकायादारों ने भुगतान किया, इसी कारणवश कुछ शेष बकाया उपभोक्ता ही बचे हैं। जिन्हें समाधान योजना के तहत छूट देकर शीघ्र ही रायपुर शहर में बकाया राशि उपभोक्ताओं की संख्या शून्य की जाएगी।
योजना के तहत सक्रिय उपभोक्ताओं को बकाया एवं अधिभार की राशि में छूट प्रदान की जाएगी। सक्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं 5 वर्ष से अधिक (लंबित बकाया राशि) को मूल राशि में 75 प्रतिशत एवं 1 से 5 वर्ष (लंबित बकाया राशि) को मूल राशि में 50 प्रतिशत एवं दोनों स्थिति में अधिभार में शत-प्रतिशत की छूट दी जाएगी। निष्क्रिय उपभोक्ताओं हेतु बीपीएल श्रेणी को मूल राशि में 75 प्रतिशत, घरेलू एवं कृषि में 50 प्रतिशत तथा सरचार्ज मे शत-प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
प्रबंधन ने योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु रायपुर के 14 स्थानों में शिविर लगाने का निर्णय लिया जिसकी शुरूआत आज प्रबंध निदेशक के हाथों किया गया। यह योजना 30 जून तक चलेगी जिसके अंतर्गत पात्र उपभोक्ता पंजीकरण कर योजना का लाभ ले सकते हैं। उपभोक्ता बकाया बिल का भुगतान एकमुश्त या किश्तों में कर सकते हैं। पंजीयन हेतु उपभोक्ता मोर बिजली ऐप, सीएसपीडीसीएल की वेबसाइट या नजदीकी बिजली कार्यालय/शिविर में पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन कार्यपालन अभियंता विनय चन्द्राकर द्वारा किया गया।





































